भीलवाड़ा नगर निगम में पहली बार महिला मेयर बन सकती हैं। भाजपा ने वार्ड 9 से निर्वाचित जसवंत कंवर (37) को महापौर पद का उम्मीदवार बनाया है। जसवंत कंवर ने बुधवार को सांसद दामोदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर मैं खरा उतरने की कोशिश करूंगी और भीलवाड़ा के विकास कार्य में हमेशा तत्पर रहूंगी। उन्होंने कहा कि मैं किसी गुट से नहीं हूं, मैं भाजपा की तरफ से हूं। पार्टी में कोई गुट नहीं होता है। निगम के पुराने कार्यकाल के सवाल पर जसवंत कंवर ने कहा कि बीती बातें बिसार दे, अब आगे की सुध ले... पहले जो हुआ सो हुआ, आगे के लिए हम मिलकर काम करेंगे, सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम करेंगे। बता दें कि 70 में से 45 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल करने वाली भाजपा ने कई चर्चित नामों के बीच जसवंत कंवर के नाम पर मुहर लगाई हैं। राजपूत समाज से आने वाली जसवंत कंवर ने वार्ड 9 में निर्दलीय प्रत्याशी को 2165 वोट से हराया था। जसवंत कंवर के पति भूपेंद्र सिंह भाजपा के जिला प्रवक्ता हैं और जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के करीबी माने जाते हैं। यहां एक निर्दलीय संतोष कंवर ने भी महापौर के लिए नामांकन दाखिल किया है। हालांकि कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने बताया- प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार भीलवाड़ा में पार्टी कांग्रेस के सिंबल पर महापौर का चुनाव नहीं लड़ेगी, इसलिए कांग्रेस से किसी प्रत्याशी का नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। पांच नगरपालिकाओं में अध्यक्ष के नामों की घोषणा