भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए। जानकारी के अनुसार, चन्द्र शेखर आजाद नगर में निवासी किरण कंवर(30) पत्नी चंदन सिंह को गुरुवार की रात इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया था। कुछ देर बाद ही नवजात की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि महिला का काफी समय से एमजी अस्पताल के डॉक्टर के पास इलाज चल रहा था और नियमित जांच में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। बीती 5 सितम्बर को करवाई सोनोग्राफी में भी मां और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। जूनियर के भरोसे डिलीवरी करवाने का आरोप महिला के जेठ हेमेन्द्र सिंह ने बताया- किरण कंवर का इलाज काफी समय से एमजी अस्पताल के डॉक्टर के पास चल रहा था और नियमित चेकअप बिल्कुल ठीक चल रहा था। जब वे रात को अस्पताल पहुंचे तो मुख्य डॉक्टरों ने खुद चेकअप करने की जगह जूनियर स्टाफ को भेजकर डिलीवरी कराने की बात कही। सही डिलीवरी न करवाने के कारण बच्चे की मौत हो गई। परिजन बोले- दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो परिजनों ने हंगामा करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पार्षद सत्यवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के आश्वासन के साथ मामला शांत करवाया।