भीलवाड़ा में मोबाइल चलाने पर मां ने टोका तो 14 साल की नाबालिग बच्ची घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी। मां ने आसपास और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद नाबालिग की तलाश शुरू कर दी है। मां ने पुलिस को बताया कि घर से निकलते समय बच्ची ने ब्लैक-रेड कलर की शॉर्ट कुर्ती और ब्लैक जींस पहन रखी थी। बच्ची के पिता की मौत हो चुकी है। घटना बुधवार शाम करीब 5:30 बजे की है। मोबाइल चलाने को लेकर मां-बेटी में हुई थी बहस जानकारी के अनुसार, 14 साल की नाबालिग को गुरुवार दोपहर उसकी मां ने मोबाइल चलाने को लेकर टोका था। इस बात से बच्ची नाराज हो गई। कुछ देर तक मां-बेटी के बीच हल्की बहसबाजी भी हुई। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे जब मां रसोई में खाना बनाने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान बेटी घर से निकल गई। कुछ देर बाद मां ने बेटी को किसी काम के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मां को पता चला कि बेटी घर में नहीं है। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बच्ची नहीं मिली। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो मां को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने परिचितों के यहां भी बेटी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया। पुलिस ने तलाश शुरू की परेशान मां कुछ परिचितों के साथ रात को थाने पहुंची और पुलिस में लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लापता नाबालिग की तलाश शुरू कर दी। मां ने पुलिस को बताया कि घर से निकलने से पहले बेटी ने ब्लैक और रेड कलर की शॉर्ट कुर्ती और ब्लैक जींस पहन रखी थी। बच्ची के पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। फिलहाल पुलिस और परिजन नाबालिग की तलाश में जुटे हैं।