जयपुर में ई-रिक्शा में जा रहे ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से दो करोड़ रुपए कीमत के हीरे-जवाहरात चोरी करने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। माणकचौक थाना पुलिस ने आरोपी गुजरात निवासी महिला से चोरी के हीरे-जवाहरात बरामद कर लिए। आरोपी महिला ने कर्मचारी की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। डीसापी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया- एक ज्वेलरी कारोबारी ने माणक चौक थाने में 15 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वे ज्वेलरी कारोबारी हैं। अलग-अलग व्यापारियों को ज्वेलरी के सैंपल दिखाने और माल की खरीदने-बेचने के सिलसिले में यात्रा करते रहते हैं। वारदात के दिन 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे ई-रिक्शा से सांगानेर गेट की तरफ जा रहे थे। उनके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे, जिनमें अलग-अलग व्यापारियों के पन्ना, माणक और डायमंड सहित हीरे-जवाहरात रखे हुए थे। रास्ते में चोर ने पैकेट चोरी कर लिए। 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया- चोरी हुए माल में 11.52 कैरेट के दो पन्ने और 144.60 कैरेट के चार पन्ने शामिल थे। इसके अलावा 11 अन्य पैकेटों में 942.52 कैरेट के पन्ने रखे हुए थे। इस तरह चोरी हुए हीरे-जवाहरात की कीमत दो करोड़ रुपए बताई गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और मुखबिर की मदद से ई-रिक्शा में परिवादी के साथ यात्रा कर रही एक संदिग्ध महिला की पहचान की गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध महिला के ई-रिक्शा से उतरने के स्थान की पुष्टि की गई। मुख्य बाजार से झुग्गी बस्ती तक पीछा कर दबोचा जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी महिला मुख्य बाजार की गलियों से होकर फरार होने की कोशिश कर रही थी। वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बार-बार ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा बदल रहा थी। इससे पुलिस टीम के सामने आरोपी तक पहुंचने की चुनौती थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध के ठिकाने की जानकारी जुटाई। जानकारी मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के रहने के स्थान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। रेकी के बाद कर्मचारी को बनाया निशाना आरोपी महिला मुख्य बाजार में घूमकर वारदात के लिए किसी व्यापारी की पहचान करती थी। इसके बाद वह संबंधित व्यक्ति के पीछे लगकर उसके साथ यात्रा करती और मौका मिलते ही उसके पास रखे कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती। वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार वाहन बदलती रहती और अपने ठिकाने पर पहुंच जाती थी। पुलिस गिरफ्तार आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। साथ ही पता लगा रही है कि आरोपी ने इससे पहले इस तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।