भीलवाड़ा में घर से निकली बुजुर्ग महिला के साथ 500 मीटर दूर लूट की वारदात हो गई। बदमाश पहले से घात लगाकर बैठा था। महिला पर धारदार हथियारों से हमला कर वे सोने की डेढ़ तोला ज्वेलरी लूटकर ले गए। महिला के नाक और गाल पर कुल 10 टांके आए हैं। महात्मा गांधी हॉस्पिटल में महिला का इलाज जारी है। घटना जिले के पुर थाना इलाके में मंगलवार सुबह 6.30 बजे चूंगी नाका के पास हुई। पुर थाना इंचार्ज कन्हैयालाल प्रजापत से मिली जानकारी के मुताबिक- चूंगी नाका के पास रहने वाले किसान श्यामलाल जाट की पत्नि कमला देवी (62) सुबह 6 बजे के करीब फ्रेश होने के लिए घर से निकलीं थीं। घर से 500 मीटर दूर शाकंभरी माता मंदिर के पास घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाश ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। नाक-गाल पर 6 से 7 इंच के कट बदमाश महिला के गले में पहनी रामनामी और मादलिया काटकर ले गया। हमले में कमला देवी का नाक और गाल पर करीब 6 से 7 इंच के गहरे कट लगे। अचानक हुए हमले का कमला देवी विरोध नहीं कर सकीं और हमले के बाद वहीं बेहोश होकर गिर गईं। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें संभाला और परिवार को जानकारी दी। इसके बाद उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया। कमला देवी के नाक और गाल पर 5-5 टांके लगाने पड़े। फिलहाल वे बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावर के बारे में कमला देवी ही कुछ बता सकती हैं। फिलहाल परिवार की शिकायत मिलने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है। इलाके में दहशत, लोगों में नाराजगी घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्दी गिरफ्तार करने और इलाके में गश्त बढ़ाने और इलाके में सीसीटीवी लगाने की भी मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा- चुंगी नाका और आसपास के इलाके में पहले भी चोरी सहित कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद पुलिस गश्त की व्यवस्था ठीक नहीं है। लगातार वारदातों और पुलिस के हाथ खाली रहने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सुबह के समय महिलाओं और आमजन की आवाजाही वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।