भिवाड़ी के चौपानकी थाना क्षेत्र के कारण्डी गांव में घरेलू विवाद में ससुराल पक्ष के लोगों ने बहू और बेटे पर लाठी-बल्ली और फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला लहूलुहान होकर अचेत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका पति भी घायल हो गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल रेफर किया गया है। मामूली कहासुनी पर भड़का विवाद जानकारी के अनुसार, कारण्डी निवासी शोयब की पत्नी सहरूना की उसकी सास जमीला से किसी घरेलू बात को लेकर बहस हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आई सास ने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सास जमीला, देवर हयात, जेठ आरिफ, उसका बेटा मोईन, बड़ी बहू वजीफा और रिजवान ने मिलकर सहरूना को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर बल्ली और धारदार हथियार से वार कर दिए। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने महिला के साथ बदसलूकी और जबरदस्ती भी की। पत्नी को बचाने पहुंचे पति पर भी चलाए हथियार जब सहरूना का पति शोयब अपनी पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने दौड़ा, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया। सहरूना की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत अलवर रेफर कर दियाहै। चौपानकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।