खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में रीको चौक के पास स्थित जूते बनाने की फैक्ट्री के पिछले हिस्से में मंगलवार रात करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए भिवाड़ी के अलावा हरियाणा सहित आसपास के क्षेत्रों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। रातभर 17 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। भिवाड़ी, हरियाणा, किशनगढ़बास, खैरथल, तिजारा से बुलाई दमकल फायर इंचार्ज राजू खान के अनुसार- DEIEM इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की औद्योगिक इकाई में ये आग लगी है। आग पर काबू पाने के लिए भिवाड़ी की पांच दमकल गाड़ियां, हरियाणा से चार, किशनगढ़बास, खैरथल, तिजारा तथा होंडा कंपनी, सिगवर्क, खुशखेड़ा सहित अन्य स्थानों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बुधवार सुबह करीब 8 बजे तक भी भिवाड़ी की पांच दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई थीं। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन होगा मौके पर थाना इंचार्ज सचिन शर्मा भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे और स्थिति पर नजर रखी। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा। वहीं, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जाएगी।