सिरोही जिले के भूतगांव में गणेश महोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। देशभर में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव की धूम है। गांव में 'गणपति बाप्पा मोरया' के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महोत्सव के चौथे दिन गांव में गरबा रास, डांडिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां हुईं। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा पांडाल और हर दिन होने वाला नया श्रृंगार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महाआरती में उमड़े श्रद्धालु आयोजन समिति ने गणेश पांडाल और बाप्पा की प्रतिमा को फूलों और भव्य लाइटों से सजाया है। प्रतिदिन भगवान श्री गणेश का अलग-अलग स्वरूपों में विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। शाम होते ही जगमगाते पांडाल की रौनक देखने और बप्पा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष नीलेश रावल की अध्यक्षता में यह महोत्सव हो रहा है। इसमें प्रतिदिन विशेष महाआरती की जाती है। चौथे दिन पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य मुख्य आकर्षण रहा। गरबा ने जमाया रंग गांव के चौकों और मोहल्लों में युवा, महिलाएं और बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक कपड़े पहनकर गरबा की धुन पर देर रात तक नृत्य किया। बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। गुजराती गरबा और मंच पर प्रस्तुत डांडिया नाटिकाओं ने भी खूब रंग जमाया। इस आयोजन में श्रद्धालुओं के सुलभ दर्शन और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाल रखा है। उपाध्यक्ष जयंती प्रजापत, अशोक सोनी, किशोर माली, गोविंद माली, राजू रावल, गिरीश रावल, कैलाश प्रजापत, जीतू रावल, जसवंत सिंह, रणछोड़ रावल, हितेश सुथार और रमाकांत ओझा जैसे स्वयंसेवक व्यवस्थाओं को ठीक से चलाने में लगे हैं।