चित्तौड़ पुलिस की लापरवाही से एक युवक की जान चली गई। मां के जेवर हड़पने वाले दो मामा से परेशान चित्तौड़ का युवक 13 दिन से घर से लापता था। पत्नी का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बाद भी कोतवाली थाने ने गुमशुदगी दर्ज नहीं की। युवक ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने का वीडियो भी वायरल किया, जिसमें उसने दोनों मामा पर जेवर हड़पने और धमकियां देने का आरोप लगाया। इससे परेशान होकर आत्महत्या के लिए मजबूर होना बताया। फिर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर युवक ने बुधवार को उदयपुर आकर जहर खा लिया। उसने सुखेर थाने जाकर पुलिस को जहर खाने की जानकारी भी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में चित्तौड़ एसपी धर्मेंद्र सिंह को कई बार फोन किए गए, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। मामाओं ने दी थी हत्या की धमकी, थाने में बोला- मैंने जहर खा लिया है चित्तौड़गढ़ के शास्त्री नगर निवासी अनिता उर्फ अन्नु लाखोटिया ने गत 28 सितंबर को एसपी ऑफिस में परिवाद पेश किया। इसमें बताया कि वह पति नीलेश व सास आशादेवी के साथ रहती है। सास के परिजनों ने उन्हें भीलवाड़ा में एक प्लॉट व 8 तोला सोने के जेवर दिए थे, जो सास के भाई जगदीश और रमेश राठी ने अमानत के रूप में खुद के पास रख लिए। जरूरत पड़ने पर देने की बात कही। 3-4 माह पहले तकाजा करने पर दोनों मामा ने पति को हत्या करवाने की धमकियां दी। गत 17 सितंबर से पति नीलेश घर से लापता हो गए। उन्होंने 3 दिनों तक कोतवाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी, लेकिन वहां रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। चित्तौड़ पुलिस की अनदेखी से परेशान होकर नीलेश बुधवार सुबह 8:45 बजे सुखेर थाने पहुंचे। वहां पुलिसकर्मी को बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। पुलिस ने तुरंत उन्हें एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां शाम 4 बजे उनकी मौत हो गई। उनके हाथ पर मोबाइल नंबर लिखे थे। इससे उनकी पहचान हुई। शाम को परिजन उदयपुर पहुंचे और शव ले गए। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की। डीजीपी के आदेश भी नहीं माने नीलेश 17 सितंबर से लापता थे, लेकिन चित्तौड़ पुलिस ने 13 दिन तक गुमशुदगी दर्ज नहीं की। इसके लिए उनकी पत्नी कोतवाली थाने-एसपी ऑफिस के चक्कर लगाती रही, लेकिन न्याय नहीं मिला। जबकि, गत 19 अगस्त को पुलिस महानिदेशक ने सभी थानों को गुमशुदगी की सूचना पर बिना प्रारंभिक जांच के प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसे भी चित्तौड़ पुलिस ने दरकिनार कर दिया। कोतवाली थानाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि परिवादी थाने में किसी से मिले होंगे। मुझे जानकारी नहीं। परिवादी ने एसपी ऑफिस में परिवाद दिया, जो कल रात हमें मिला। उसे दर्ज कर लिया है। हम रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं करेंगे।