बीकानेर में युवकों पर बोलेरो कैंपर चढ़ाने के प्रयास की घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि यह बदमाशों के दो गुटों के आपसी टकराव का मामला था। घटना शहर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना इलाके के बंगलानगर इलाके में गुरुवार दोपहर 2 बजे हुई। घटना में एक युवक बाल-बाल बच गया। इस दौरान फायरिंग किए जाने की बात भी कही जा रही है। मुक्ताप्रसाद नगर थाना के कार्यवाहक थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया- फायरिंग की घटना होने की जानकारी सामने आई है लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया है। 1. पहले ईंटों से हमला 2. फिर रौंदने की कोशिश 3. गाड़ियों को ठोका और फरार दो गुटों के बीच आपसी टकराव सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में बदमाशों के दो गुटों के बीच यह वर्चस्व की जंग जैसा हमला था। एक गुट मुक्ताप्रसाद नगर थाना इलाके के बंगलानगर इलाके में रहने वाले बदमाशों का है, जिन पर हमले के वीडियो सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि बंगलानगर के बदमाश गुरुवार सुबह 11 बजे दूसरे गुट के इलाके में पहुंचे थे। दूसरे गुट के बदमाश नया शहर थाना के मुरलीधरव्यास नगर इलाके में रहते हैं। वहां परशुराम द्वार पर खड़े उनके वाहनों में बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ मचाई और भागकर अपने इलाके (बंगलानगर) में आ गए। बोलेरो कैंपर में पीछा करते हुए आया दूसरा गुट बदमाशों का पीछा करते हुए दूसरे गुट के बदमाश दोपहर 2 बजे बोलेरो कैंपर में बंगलानगर इलाके में पहुंचे। वहां पहुंचने पर लड़कों ने उन पर ईंटों, पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। बोलरो कैंपर सवार बदमाशों ने पहले तो कार को पीछे लिया, इसके बाद स्पीड बढ़ाते हुए कार लड़कों की तरफ दौड़ा दी। बदमाशों ने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन युवक बोलेरो की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि सीढियां आने से उसकी जान बच गई। इस दौरान रोड पर खड़ी स्कूटी उछलकर दूर जाकर गिरी। बोलेरो कैंपर रुकी तो बदमाश फिर एकजुट हुए और कार पर अटैक कर दिया। कार सवार ने गाड़ी को बैक लेकर दो खड़ी कारों को ठोक दिया। इसके बाद तेज रफ्तार से वहां से फरार हो गया। बदमाश लाठी डंडे लेकर कार के पीछे भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस CCTV के आधार पर करेगी कार्रवाई बताया जा रहा है कि लंबे समय से दोनों गुटों में रंजिश चल रही है। इस मामले में पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस को दोनों पक्षों ने कोई एफआईआर भी नहीं दी है। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी एकत्र कर लिए हैं और अपने स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।