बीकानेर मेयर चुनाव में कांग्रेस में बगावत: अनिल कल्ला के खिलाफ नवरतन डागा ने दो नामांकन भरे, तीन उम्मीदवार मैदान में बीकानेर नगर निगम में मेयर पद के चुनाव से पहले कांग्रेस में बगावत सामने आई है। कांग्रेस ने 28 पार्षदों की सहमति के बाद वार्ड 73 से पार्षद बने अनिल कल्ला को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने वार्ड 13 से पार्षद बने सुरेंद्र सिंह शेखावत को मैदान में उतारा है। कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर वार्ड 50 से पार्षद चुने गए नवरतन डागा ने भी नामांकन दाखिल किया है। मेयर पद के लिए तीन उम्मीदवार, चार नामांकन बीकानेर में मेयर पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके चार नामांकन फॉर्म जमा हुए हैं। अनिल कल्ला और सुरेंद्र सिंह शेखावत ने एक-एक नामांकन दाखिल किया है। वहीं, नवरतन डागा ने निर्दलीय और कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दो पर्चे भरे हैं। इनमें डागा का कांग्रेस से दाखिल नामांकन खारिज होने की संभावना है। नवरतन के दोनों नामांकन में निर्दलीय पार्षद प्रस्तावक नवरतन डागा के दोनों नामांकन में निर्दलीय पार्षद प्रस्तावक बने हैं। एक नामांकन में निशा पारीक और दूसरे में दीपक तंवर प्रस्तावक हैं। वहीं, अनिल कल्ला के प्रस्तावक पार्षद नवल पुरोहित हैं, जबकि सुरेंद्र सिंह शेखावत के प्रस्तावक दीपक व्यास बने हैं। नवरतन ने खोला मोर्चा नवरतन डागा कांग्रेस से मेयर पद के दावेदारों में शामिल थे। पार्टी की ओर से अनिल कल्ला का नाम तय होने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। डागा ने सवाल उठाया कि कल्ला परिवार को ही बार-बार टिकट क्यों दिया जाता है। नवरतन डागा वार्ड 50 से पार्षद चुने गए हैं। इसी वार्ड में पार्षद के टिकट को लेकर शहर जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट भी हुई थी। --- संबंधित ये खबरें भी पढ़ें … बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस को बहुमत, 42 सीटें जीती:भाजपा पिछड़ी; पूर्व मेयर हारी, पूर्व मंत्री के भतीजे जीते, पढ़िए- पूरा रिजल्ट बीकानेर नगर निगम के 80 नवनिर्वाचित पार्षदों की पूरी प्रोफाइल:कहीं 26 तो कहीं 2398 वोटों से जीते प्रत्याशी; जानिए- किस वार्ड में कितना रहा मार्जिन बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड, मेयर कौन?:कल्ला, डोटासरा और नाहटा सहित 6 नाम दौड़ में, पढ़ें- किसके पक्ष में समीकरण