बीकानेर में यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों में बीकानेर के युवाओं का दबदबा रहा। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद शहर में रामदयाल बेनीवाल और देहात में राजेश गोदारा को अध्यक्ष चुना गया। वहीं, बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से शहजाद अली और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से मोहम्मद शोएब ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। पार्टी स्तर पर हुए चुनावों का नतीजा आने के बाद विजयी प्रत्याशियों में काफी जोश देखने को मिल रहा है। बीकानेर पश्चिम से यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बने मोहम्मद शोएब राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद के भतीजे हैं। शोएब पहले से ही राजनीति में सक्रिय हैं। उनके पिता मोहम्मद सलीम पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाते हैं। वो सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में अधिकारी रह चुके हैं। चुनाव के दौरान भंवरलाल कूकणा की टीम ने शहर और देहात अध्यक्ष पद के लिए प्रचार किया था। परिणाम घोषित होने के बाद कूकणा ने कहा कि उनकी टीम युवाओं के अधिकारों के लिए मिलकर संघर्ष करेगी। यूथ कांग्रेस के इन चुनावों में बीकानेर के युवाओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी मिली है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अब संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की उम्मीद है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस ही मूल कांग्रेस की रीढ़ की हड्‌डी है। हाल ही में संपन्न निकाय चुनाव में यूथ कांग्रेस ने जमकर काम किया था और अब आने वाले पंचायत चुनाव में भी यूथ कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।