पाली भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी और महापौर नमिता बुबकिया ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कांग्रेस के आरोपों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं पर निशाना साधा। भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी और महापौर नमिता बुबकिया ने कहा- चुनाव आयोग ने 26 सितंबर (शनिवार) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की बैठक के बाद SIR को लेकर अपना स्पष्टीकरण जारी कर दिया। चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण से SIR को लेकर विपक्ष के सवालों की हकीकत सामने आ गई है। SIR सहित प्रमुख निर्णय आयोग की सहमति से लिए गए। केबिनेट सेक्रेटरी को भेजे पत्र को लेकर आयोग ने साफ किया कि वह एक प्रतिनियुक्त अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा मामला था और किसी नीतिगत निर्णय से संबंधित नहीं था। भंडारी और बुबकिया ने कहा- SIR प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं को शामिल करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से घर-घर जाकर फॉर्म जुटाए जा रहे हैं और विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के लिए विशेष कैंप भी लगाए जा रहे हैं। तथ्यों पर बात करें राजनीतिक दल मेयर और जिलाध्यक्ष ने विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाने को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। दोनों नेताओं ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद अपने आरोपों पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा और जिला प्रवक्ता त्रिलोक चौधरी भी मौजूद रहे।