बीजेपी ने पंचायत चुनाव के लिए जिला चुनाव प्रभारियों की आधिकारिक सूची जारी की है। घोषणा के तहत उदयपुर जिले के चुनावी प्रबंधन और संगठन की मजबूती की कमान पार्टी के वरिष्ठ नेता और उदयपुर नगर निगम के मेयर पारस सिंघवी को सौंपी गई है। वहीं डिप्टी मेयर दिनेश भट्ट को बांसवाड़ा जिले का जिम्मा दिया गया है। इसके साथ उदयपुर के चुन्नीलाल गरासिया, तख्त सिंह​ शक्तावत, किरण जैन को भी अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारियां दी गई है। उदयपुर के अलावा संभाग और आसपास के अन्य जिलों के लिए भी चुनाव प्रभारियों का ऐलान किया गया है। इसके तहत राजसमंद जिले की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश महामंत्री सुशील कटारिया और पूर्व विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी को दी गई है। चित्तौड़गढ़ जिले का जिम्मा राज्यसभा सदस्य चुन्नीलाल गरासिया और उदयपुर शहर की पूर्व जिला महामंत्री डॉ. किरण जैन को सौंपा गया है। प्रतापगढ़ जिले के लिए बांसवाड़ा के सभापति मुकेश रावत को प्रभारी बनाया गया है। इन्हें भी दी जिम्मेदारी सलूंबर जिले की कमान उदयपुर देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष तख्त सिंह शक्तावत और डूंगरपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश पाटीदार को सौंपी गई है। जबकि डूंगरपुर जिले के चुनाव प्रभारी बांसवाड़ा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाभचंद पटेल होंगे।