छोटीसादड़ी | राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों और विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जयचंद मोहिल उप जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर लगा। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के मार्गदर्शन में हुआ। शिविर का औपचारिक शुभारंभ उपखंड अधिकारी यतींद्र पोरवाल, पीएमओ और बीसीएमओ डॉ. विजय कुमार गर्ग ने भगवान धन्वंतरि की तस्वीर के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। पुष्प अर्पित किए। शिविर को लेकर क्षेत्र में उत्साह रहा। कार्यक्रम में कुल 522 लोगों ने सहभागिता दर्ज कराई। इनमें समाजसेवी, महिलाएं, पुरुष, पत्रकार, अधिकारी, कर्मचारी शामिल रहे। 63 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कई नियमित और वरिष्ठ रक्तदाताओं ने भाग लिया। सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गायरी ने 39वीं बार रक्तदान किया। चिकित्सा कर्मी मुकेश राठौर ने 38वीं बार रक्तदान किया। लोकेश रेगर ने 28वीं बार रक्तदान किया। महिला स्वयंसेवी श्रीमती रत्ना सोनी ने 8वीं बार रक्तदान किया। शिविर को सफल बनाने में रॉयल सेवा संस्थान और जीवन रक्षक समिति के स्वयंसेवकों ने सहयोग दिया। उप जिला चिकित्सालय छोटीसादड़ी के स्टाफ का सहयोग रहा। बीसीएमओ कार्यालय स्टाफ का सहयोग रहा। ब्लॉक फील्ड के डॉक्टर, नर्सिंग कर्मी, मैनेजमेंट टीम भी साथ रही। शिविर के अंत में बीसीएमओ डॉ. विजय कुमार गर्ग ने सभी रक्तवीरों को प्रमाण पत्र दिए। यह जानकारी खंड कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार बैरवा ने दी।