हनुमानगढ़ में भारतीय मजदूर संघ ने भगवान विश्वकर्मा जयंती को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित करने की मांग की है। इसी को लेकर गुरुवार को संघ के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर को सौंपा। यह ज्ञापन भारतीय मजदूर संघ हनुमानगढ़ के जिला मंत्री संदीप सिरावता के नेतृत्व में दिया गया। संदीप सिरावता ने बताया कि भारत अपनी सभ्यता और संस्कृति के लिए खास पहचान रखता है। भारतीय संस्कृति में भगवान विश्वकर्मा को श्रमिकों और कारीगरों के आराध्य और प्रेरणा के स्रोत के रूप में माना जाता है। उन्होंने कहा कि हर साल 17 सितंबर को कन्या संक्रांति पर भारतीय मजदूर संघ देशभर में मशीनों और औजारों की पूजा करता है। इस दिन को श्रम दिवस के तौर पर मनाया जाता है। संघ की मांग है कि 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित किया जाए। इससे मजदूरों में उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अच्छा संदेश मिलेगा। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के बीकानेर संभाग संगठन मंत्री गोविंद जोशी, राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंद्रराज घोटिया, भारतीय मजदूर संघ जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, संगठन मंत्री ओमप्रकाश गोदारा और मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।