कोटा ग्रामीण के मोईकलां में 16 अक्टूबर को दो परिवारों के बीच झगड़ा हो गया। एक पक्ष के करीब 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिसमें एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को पुलिस घटना स्थल पर लेकर गई और तस्दीक करवाई। आरोपियों ने भी मौके पर हमले की बात कही। वहीं जिस रास्ते से भागे थे, उस जगह भी आरोपियों को ले जाया गया। बपावर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि अपराध करने वाला पुलिस से बच नहीं पाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। झगड़े में गई थी महिला की जान घटना 16 अक्टूबर की है। आधी रात के बाद भोपा परिवार और भील परिवार के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद में भील परिवार के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल केदार बाई भील की 17 अक्टूबर को कोटा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। आरोपियों का मकान हटाने की मांग रखी थी महिला की मौत के बाद 18 अक्टूबर को अंतिम संस्कार से पहले परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों का जुलूस निकालने और सरकारी जमीन पर बने उनके मकानों को हटाने की मांग रखी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर और बपावर थाना प्रभारी सुरेश कुमार लगातार निगरानी कर रहे हैं।