कोलकाता में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने पर 919 होटल और गेस्ट हाउस को अस्थायी रूप से बंद करने के नोटिस दिए गए हैं। अब तक 960 होटलों की जांच हुई, जिनमें सिर्फ 41 ही जरूरी सुरक्षा मानकों पर खरे उतरे। 19 अगस्त को शिखा इन गेस्ट हाउस में आग से 9 लोगों की मौत के बाद जांच अभियान तेज किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस पाने वाले होटल-गेस्ट हाउस को पहले फायर सेफ्टी व्यवस्था सुधारनी होगी और नया फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेना होगा। इसके बाद ही दोबारा लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकेंगे। शहर में करीब 3,700 होटल-गेस्ट हाउस हैं और बाकी की जांच भी जारी रहेगी। आज की बाकी बड़ी खबरें… महाराष्ट्र के गोंदिया में ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 6 की मौत, 7 घायल महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक एसयूवी को टक्कर मार दी। हादसे में 3 साल के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। मराठा आरक्षण आंदोलन, 11वें दिन तबीयत बिगड़ने पर जारांगे इलाज लेने को तैयार हुए महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सारटी गांव में विरोध प्रदर्शन कर रहे मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारांगे की तबीयत मंगलवार को बिगड़ गई। आज उनकी भूख हड़ताल का 11वां दिन था। उनका ब्लड शुगर लेवल काफी गिर गया था, जिसके बाद वे इलाज लेने के लिए तैयार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि जारांगे, महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत और विधायक प्रसाद लाड के फोन कॉल के बाद रात करीब 2.30 बजे इलाज के लिए तैयार हुए। नेताओं ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मंगलवार से ही उनकी मांगों पर काम शुरू कर देगी और उन्हें हल करने के लिए कदम उठाएगी। जारांगे ने 29 अगस्त को भूख हड़ताल शुरू की थी। वे OBC कैटेगरी के तहत मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा स्पीकर को ईमेल से बम की धमकी मिली दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा स्पीकर को मंगलवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। पुलिस सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जांच और जरूरी चेकिंग कर रही है। मामले में अधिक जानकारी का इंतजार है। दिल्ली के किलोकरी में पिटाई से मणिपुर के रिटायर्ड संगीतकार की मौत, सभी आरोपी हिरासत में दिल्ली के किलोकरी गांव में अपने घर के सामने डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों की पिटाई के बाद रिटायर्ड संगीतकार सी. विक्रम सिंह की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सिंह ने तेज आवाज में शोर और हंगामा करने पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। उन्हें इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने चोटों के चलते दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। नाबालिगों समेत सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। मुंबई के वर्ली में पानी के टैंकर की टक्कर से 60 साल की महिला की मौत मुंबई के वर्ली इलाके में पानी के टैंकर की टक्कर से 60 साल की महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह हुआ। हादसे के बाद महिला को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में शामिल पानी के टैंकर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। ठाणे में 17 साल का लड़का बिल्डिंग से कूदा, पसंदीदा इंस्टीट्यूट में एडमिशन न मिलने पर दुखी था, 12वीं में 95.7% मार्क्स थे ठाणे शहर में 17 साल के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। वह अपनी पसंद के हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट में एडमिशन न मिल पाने से परेशान था। उसने 12वीं क्लास की साइंस परीक्षा में 95.7% मार्क्स हासिल किए थे। स्टूडेंट ने फैमिली व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज भेजकर अपनी जान देने की बात कही। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता, वह एक रेजिडेंशियल बिल्डिंग की 22वीं मंजिल के रिफ्यूज एरिया से कूद गया। यह घटना शुक्रवार 4 सितंबर को हुई। ओडिशा में नए DGP की नियुक्ति पर विवाद, सुप्रीम कोर्ट ने प्रक्रिया रोकी ओडिशा में नए पुलिस महानिदेशक DGP की नियुक्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। आरोप है कि राज्य सरकार ने DGP चुनने के लिए तय नियमों से हटकर कुछ जूनियर अधिकारियों के नाम भी UPSC को भेज दिए। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल UPSC को DGP के लिए पैनल अंतिम रूप नहीं देने को कहा है।