बूंदी में जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने बुधवार को चौगान गेट स्कूल में बने स्वच्छ हरित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चल रही मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान यादव ने मतदाताओं से बात की और मतदान की व्यवस्थाओं पर उनका फीडबैक लिया। इस बार चौगान गेट स्कूल में स्वच्छता और पर्यावरण बचाने का संदेश देने के लिए स्वच्छ हरित बूथ बनाया गया था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 79 का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने बुजुर्ग मतदाताओं से मिलकर आसान मतदान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं को मतदान में कोई परेशानी न हो और उन्हें सभी सुविधाएं मिलें। इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा भी मौजूद थे।