बूंदी साइबर क्राइम पुलिस ने 10 महीने से फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी साइबर ठग कुलदीप सेन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 15 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को नागौर से पकड़ा। वहीं, बूंदी कोतवाली पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए 65 पव्वे देसी शराब और बिक्री के 350 रुपए के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। नागौर निवासी कुलदीप को टीम ने पकड़ा पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुलदीप सेन पुत्र लूणकरण सेन, निवासी ढफारियों की गली, लोहियों का चौक, नागौर है। वह साइबर ठगी के मामले में करीब 10 महीने से फरार चल रहा था। उस पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। विशेष अभियान के तहत कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी किरदार अहमद के नेतृत्व में एसआई श्याम सुंदर की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा जयपुर के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कट्टे में मिले 65 पव्वे दूसरी कार्रवाई में बूंदी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरिशंकर उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर को गश्त के दौरान थानाधिकारी रमेश आर्य के नेतृत्व में टीम को गोपनीय सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ा गया। 350 रुपए भी जब्त, आबकारी अधिनियम में मामला तलाशी के दौरान हरिशंकर उर्फ शिवा के कब्जे से कट्टे में रखे घूंघरू ब्रांड देशी शराब के 65 पव्वे और 350 रुपए मिले। पुलिस ने शराब और नकदी जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरिशंकर उर्फ शिवा (22) के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उससे शराब की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।