बूंदी में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के लिए बुधवार को निर्वाचन पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीणा ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्वाचन पर्यवेक्षक ने सबसे पहले देवपुरा स्थित आश्रय स्थल में बने मतदान केंद्र को देखा और डाले गए वोटों के आंकड़ों की जानकारी ली। इसके बाद वे सदर थाने के सामने स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल पहुंचे। यहां बने तीन मतदान केंद्रों पर चल रही वोटिंग प्रक्रिया को उन्होंने बारीकी से देखा। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों से वोटिंग प्रतिशत और ईवीएम के काम करने के तरीके के बारे में भी बात की। निरीक्षण के दौरान देवपुरा के राजकीय स्कूल में मतदान केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ देखकर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को तुरंत व्यवस्था ठीक करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कतारें ठीक से लगाई जाएं ताकि वोटरों को परेशानी न हो। तेज धूप को देखते हुए केंद्रों पर छाया और ठंडे पानी का पूरा इंतजाम रखने को कहा गया। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और वोटिंग रूम के आसपास शांति बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निर्वाचन पर्यवेक्षक ने केशोरायपाटन नगरपालिका क्षेत्र में चल रही वोटिंग प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र में पंचायत समिति केशवरायपाटन में बने मतदान केंद्र का अवलोकन किया और पीठासीन अधिकारी से अब तक हुई वोटिंग की जानकारी ली।