बूंदी के राजकीय अस्पताल में मंगलवार को पेट दर्द के एक मरीज को गंभीर बताकर कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कोटा के डॉक्टरों ने उसे सामान्य बताकर वापस बूंदी भेज दिया। इससे नाराज परिजनों ने मंगलवार देर शाम पीएमओ डॉ. गोविंद गुप्ता के निवास पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। मोरड़ी पाड़ा निवासी 25 वर्षीय अल्ताफ को मंगलवार सुबह बूंदी अस्पताल में भर्ती किया गया। कुछ देर बाद उसे गंभीर बताकर कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अल्ताफ की मां मुराद उसे एम्बुलेंस से कोटा ले गईं। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे सामान्य बताया और वापस बूंदी भेज दिया। बूंदी लौटने पर राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक चर्मेश शर्मा और पार्षद प्रतिनिधि इरफान इलू ने परिजनों के साथ पीएमओ डॉ. गोविंद गुप्ता को लिखित शिकायत दी। उन्होंने जांच और कार्रवाई की मांग की। पीएमओ डॉ. गुप्ता ने परिजनों की बात सुनी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।