बूंदी जिले के कापरेन थाना क्षेत्र में हिंगोनिया हाईवे पर मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हिंगोनिया निवासी पंकज मीणा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे पहले कापरेन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में कोटा एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रात करीब 11 बजे पंकज ने दम तोड़ दिया। मृतक के बड़े भाई रामअवतार मीणा ने बताया कि पंकज रात को खाना खाने के बाद घर के बाहर घूमने के लिए निकला था। हिंगोनिया बाईपास स्थित एक ढाबे पर कुछ लोग बैठे हुए थे। वहां पंकज की उन लोगों से किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान एक बदमाश ने पंकज पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे कापरेन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे कोटा रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर एमबीएस अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंकज के पिता शंभूलाल मीणा ने बताया कि उनके बेटे का किसी से कोई विवाद या पुरानी रंजिश नहीं थी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कापरेन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।