बूंदी के नैनवां में बामनगांव से पण्डोला खेत जा रहे 58 वर्षीय किसान शहाबुद्दीन की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। यह हादसा नीलगाय सामने आने से हुआ। बेटे इमरान (23) ने नैनवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसआई देवलाल के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 8 बजे शहाबुद्दीन पुत्र राजू खान और मिश्राराम उर्फ मियाराम पुत्र रामकरण कुम्हार ट्रैक्टर से खेत जा रहे थे। सुबह 9 बजे पण्डोला गांव में श्मशान के पास अचानक नीलगाय सामने आ गई। ट्रैक्टर बेकाबू होकर खाई में पलट गया। शहाबुद्दीन की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। साथ बैठे मियाराम को चोट नहीं आई। 2 बेटों, 7 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया घटना के बाद पूर्व सरपंच सूरजमल भाटी, एडवोकेट महावीर धाकड़, विनोद नागर, नारायण गुर्जर, नासिर मोहम्मद सहित परिजन पोस्टमॉर्टम स्थल पर पहुंचे। मृतक के 2 बेटे और 7 बेटियां हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।