बूंदी में धनतेरस पर्व को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के कार्यक्रम में बदलाव किया है। पहले, दूसरे और तीसरे चरण में वोटिंग पहले के कार्यक्रम से एक दिन पहले की गई है। पहले चरण में अब जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य की वोटिंग 22 अक्टूबर, पंच-सरपंच की वोटिंग 24 अक्टूबर को होगी। दूसरे चरण में जिला परिषद सदस्य की वोटिंग 28 अक्टूबर, पंच-सरपंच की वोटिंग 30 अक्टूबर को होगी। तीसरे चरण में जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य के लिए वोटिंग 3 नवंबर को होगी। जबकि पंच-सरपंच के लिए वोटिंग 5 नवंबर को होगी। पहले धनतेरस (6 नवंबर) के दिन वोटिंग शेड्यूल थी। धनतेरस के दिन पंचायतों में उपसरपंच की वोटिंग होगी। बूंदी जिले में 2 चरणों में होंगे चुनाव बूंदी जिले में तीसरे और चौथे चरण में पंचायती राज चुनाव होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव तीसरे चरण में 3 नवंबर और चौथे चरण में 14 नवंबर को वोटिंग होगी। 20 नवंबर को परिणाम आएंगे। तीसरे चरण में तालेड़ा पंचायत समिति में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 3 नवंबर को होंगे। पंच और सरपंचों के लिए 5 नवंबर को चुनाव होंगे। वोटिंग के दिन ही देर रात तक नतीजे घोषित होंगे। चौथे चरण का मतदान 14 और16 नवंबर को चौथे चरण में बूंदी, खटकड, दबलाना, हिंडौली, नैनवां, लाखेरी और केशवरायपाटन में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 14 नवंबर को होंगे। पंच और सरपंचों के लिए 16 नवंबर को चुनाव होंगे। इसके लिए नामांकन 31 अक्टूबर से शुरू होंगे। जिले में कुल 7 लाख 11 हजार 789 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में 27 जिला परिषद सदस्य, 142 पंचायत समिति सदस्य और 235 सरपंच चुने जाएंगे। कुल 8 पंचायत समितियां हैं।