भास्कर न्यूज| झालावाड़ नगर परिषद झालावाड़ में नवनिर्वाचित सभापति राजेश गुर्जर गुरुवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। नगर परिषद आम चुनाव 2026 में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद सभापति के पदभार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन दोपहर 12:30 बजे नगर परिषद कार्यालय में किया जाएगा। समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम में नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मित्र शामिल होंगे। पदभार ग्रहण के दौरान नवनिर्वाचित सभापति राजेश गुर्जर नगर परिषद की जिम्मेदारी संभालेंगे। कांग्रेस की ओर से पार्षदों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों से समारोह में शामिल होकर सभापति को आशीर्वाद देने का आग्रह किया गया है। सभापति के पदभार ग्रहण के साथ ही नगर परिषद में नए बोर्ड के औपचारिक रूप से कामकाज शुरू करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी।