भास्कर न्यूज | भरतपुर लोहागढ़ स्टेडियम में चल रही 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चक हथकौली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के 6 बच्चों ने अब तक 9 इवेंट में भाग लेकर 8 मेडल जीते हैं। इनमें 5 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रोंज मेडल शामिल हैं। बालिका वर्ग में आरजू बघेल ने लॉन्ग जंप, 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर तीन गोल्ड मेडल जीते। मंजुला बघेल ने 600 मीटर दौड़ में गोल्ड और लॉन्ग जंप व 400 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल हासिल किए। बालक वर्ग में मनीष बघेल ने 600 मीटर दौड़ में गोल्ड, जबकि लोकेश बघेल ने इसी स्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रोंज मेडल जीता। पीटीआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पिछले साल विद्यालय के 8 बच्चों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर 9 मेडल जीते थे। इस बार कम बच्चों के भाग लेने के बावजूद खिलाड़ियों ने अब तक 8 मेडल अपने नाम किए हैं।