सवाईमाधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में मंगलवार सुबह भेड़ोला रोड पर तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से पुलिस कॉन्स्टेबल सुरेंद्र कुमार गंभीर घायल हो गए। हादसे में एक बुजुर्ग महिला भी घायल हो गई। दोनों को चौथ का बरवाड़ा सीएचसी ले जाया गया, जहां से सवाई माधोपुर जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। घटना सुबह करीब 9 बजे लाल माता मंदिर के पास हुई। गाड़ी खड़ी कर टॉयलेट करने उतरे थे कॉन्स्टेब जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल सुरेंद्र कुमार भेड़ोला मार्ग पर लाल माता मंदिर के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर टॉयलेट करने उतरे थे। वापस गाड़ी की ओर जा रहे थे, तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने उन्हें देखकर ट्रैक्टर निकालने की कोशिश की। इसी दौरान कॉन्स्टेबल का पैर ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गया। इसी दौरान पास से गुजर रही 85 वर्षीय जुमी पत्नी अलादीन भी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद दोनों को पुलिस की गाड़ी से चौथ का बरवाड़ा सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सवाई माधोपुर रेफर कर दिया गया। ट्रैक्टर ड्राइवर का पता नहीं चला हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से निकल गया। अभी तक उसका पता नहीं लग पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बजरी का अवैध खनन करने वालों की थी और इसी काम में इस्तेमाल होती है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने कहा कि बजरी का अवैध खनन करने वाले लोग बेखौफ होकर काम कर रहे हैं। वहीं, मामले को लेकर थाना प्रभारी का कहना है कि अभी तक उनके पास इस घटना को लेकर कोई जानकारी नहीं आई है।