झुंझुनूं जिले में करीब 52 हजार छात्रों ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा-2026 में हिस्सा लिया। यह आयोजन लक्ष्मण भैया सेवा समिति (चिड़ावा) की ओर से आयोजित की गई। आयोजन समिति के सचिव सुनील सीदड़ ने बताया- प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की इतनी बड़ी भागीदारी आयोजन की सफलता दिखाती है। सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थी निर्धारित समय पर पहुंचे और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों को हल किया। सामान्य ज्ञान के साथ संस्कार पर जोर RSS के विभाग प्रचारक मुकेश कुमार ने बताया- प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ना है। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। ऐसे में उनके अंदर पढ़ाई के साथ संस्कार, अनुशासन, कर्तव्यबोध और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। प्रतियोगिताओं के जरिए अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। पंच परिवर्तन की भी दी जानकारी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पंच परिवर्तन के बारे में भी जानकारी दी गई। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषय शामिल हैं। इन विषयों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का उद्देश्य उन्हें समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझाना है। सामाजिक भेदभाव से दूर रहना, परिवार के साथ मजबूत संबंध बनाए रखना, पर्यावरण की रक्षा करना, स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना और अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करना समाज के लिए जरूरी है। आधुनिक ज्ञान के साथ संस्कृति से जुड़ना जरूरी मुकेश कुमार ने कहा- आज के समय में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने के साथ अपनी भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से भी जुड़ना चाहिए। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में ज्ञान, आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करती हैं।