चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, एक आयोजन के दौरान कुछ कागज की फरियां उड़ाई गई। जिनको लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने फरियां उड़ाने से मना किया। हालांकि इसके बाद भी दोबारा फरियां उड़ाई गई। इसके कारण दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप किया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें शांत किया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर दिया, ताकि माहौल पूरी तरह सामान्य बना रहे। सफाई कर हटाई गईं फरियां शाम करीब 4 बजे के बाद विवाद की स्थिति बनने पर सदर बाजार और ढूंचा बाजार के कई व्यापारियों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस की मौजूदगी बढ़ने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। विवाद के बाद नगर परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची। सफाई कर्मचारियों से पूरे रास्ते की सफाई करवाई। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की गलतफहमी या विवाद आगे नहीं बढ़े, इसलिए तुरंत सफाई कराकर मार्ग को सामान्य किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जो भी शिकायत मिली है, उसकी नियमानुसार जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। एसपी की अपील- अफवाहों से बचें घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हालात पूरी तरह सामान्य है। एसपी ने व्यापारियों से भयमुक्त होकर अपनी दुकानें खोलने और रक्षाबंधन का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही आमजन और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें।