चित्तौड़गढ़ शहर के अभिमन्यु पार्क के पास गंभीरी नदी में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिला। नदी किनारे से गुजर रहे लोगों ने पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली थानाधिकारी रजनीश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। नदी में शव होने के कारण सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। रेस्क्यू टीम में राजकुमार भोई, कैलाश चंद्र वैष्णव, मंगनीराम भोई, चेतराम भोई, यशवंत भोई, मुकेश कुमार डांगी और कैलाश भोई शामिल रहे। टीम ने नदी से शव बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से युवक की पहचान के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। दो से तीन दिन पुराना बताया शव पुलिस की शुरुआती जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव सड़ चुका था। पुलिस के अनुसार पहचान होने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी युवक की गुमशुदगी दर्ज तो नहीं है। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फोटो पुलिस ग्रुपों में भेजकर पहचान की कोशिश कोतवाली थानाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए उसके फोटो जिले के सभी पुलिस थानों और अलग-अलग पुलिस ग्रुपों में भेजे गए हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर पोस्टमॉर्टम सहित आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।