चित्तौड़गढ़ शहर के गांधीनगर निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से कुछ ही मिनटों में करीब 2.94 लाख रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित का कहना है कि 29 सितंबर की शाम उनके खाते से लगातार चार ट्रांजैक्शन हुए और देखते ही देखते पूरी रकम निकाल ली गई। घटना के बाद उन्होंने सबसे पहले राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नं 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर पोर्टल पर ई-एफआईआर भी दर्ज करवाई। इसके बाद शनिवार को सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद थाने पहुंचे, दस्तावेज भी सौंपे कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार गांधीनगर निवासी 59 साल के अशोक कुमार दशोरा ने रिपोर्ट में बताया कि 29 सितंबर की शाम करीब 5.17 मिनट पर उनके बैंक खाते से लगातार चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन किए गए। इन ट्रांजैक्शनों के जरिए करीब 2.94 लाख रुपए निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर ई-एफआईआर भी दर्ज करवाई। पीड़ित ने शनिवार को कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दी। इसके साथ साइबर क्राइम शिकायत की प्रति, ई-एफआईआर की कॉपी और बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को सौंपा गया, ताकि जांच में किसी तरह की देरी नहीं हो। पुलिस ने रिपोर्ट लेने के बाद शनिवार रात मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाते से निकाली गई रकम किन खातों में भेजी गई और ट्रांजैक्शन किस माध्यम से किए गए। जांच में बैंक रिकॉर्ड, ट्रांजैक्शन डिटेल और साइबर पोर्टल पर दर्ज जानकारी की भी मदद ली जाएगी। साथ ही ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते तक पहुंच कैसे बनाई और वारदात को किस तरीके से अंजाम दिया ये भी पता लगाया जा रहा है।