दीपावली से पहले बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को चित्तौड़गढ़ शहर में दो अलग-अलग जगहों पर बिजली आपू​र्ति बाधित रहेगी। एक तरफ सेंती ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) पर जरूरी रखरखाव का काम होगा। वहीं दूसरी ओर स्टेशन रोड 11 केवी फीडर पर त्योहार को देखते हुए जरूरी तकनीकी काम किया जाएगा। इसका असर शहर की दर्जनों कॉलोनियों, प्रमुख संस्थानों, बाजारों और ओछड़ी, सेंगवा व बोजुंदा सहित तीन गांवों पर पड़ेगा। सुबह से दोपहर तक अलग-अलग समय पर बिजली बंद रहने से लोगों को पानी भरने, घरेलू काम निपटाने, छोटे कारोबार चलाने और बिजली से जुड़े दूसरे कामों में परेशानी हो सकती है। सेंती जीएसएस पर छह घंटे रहेगा रखरखाव अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, चित्तौड़गढ़ के सहायक अभियंता विमल कुमार सिंह ने बताया कि 33/11 केवी सेती जीएसएस पर जरूरी रखरखाव के चलते सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान बिरला हॉस्पिटल, सेंगवा हाउसिंग बोर्ड, महेश पुरम, तिलक नगर, वैशाली नगर, ऋषभ नगर, अवंतिका विहार, बालाजी नगर, प्रेम रेजिडेंसी, तिरुपति नगर, समता नगर, ब्रह्मपुरी, शिकारवाड़ी, आजाद नगर, बापूनगर, पंचवटी, प्रतापनगर, सिंधी कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, गौतम नगर, शिवशक्ति नगर, नेहरू नगर, पार्वती गार्डन, गुर्जर मोहल्ला, धाकड़ मोहल्ला, सोमनगर, कृष्ण वाटिका, शंकरपुरम, शिवपुरम, विद्या विहार स्कूल, लक्ष्मी नगर, अमन विहार, नाकोड़ा नगर, रतन विहार, विकास नगर, लवकुश नगर, बीमा नगर, कैलाशपुरी, अम्बे विहार, वल्लभ विहार, चित्तौड़ ग्रीन रेजिडेंसी, मधुवन क्षेत्र, पद्मिनी विहार के साथ ओछड़ी, सेंगवा और बोजुंदा गांव तथा सेंती जीएसएस से जुड़े अन्य क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी। स्टेशन रोड फीडर पर 4 घंटे का शटडाउन विमल कुमार सिंह ने बताया- दीपावली पर्व के दौरान बिजली आपूर्ति बिना रुकावट बनी रहे, इसके लिए स्टेशन रोड 11 केवी फीडर पर भी जरूरी काम किया जाएगा। इसके कारण सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक विजय कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, श्रीजी होटल, कांग्रेस कार्यालय, चित्रकूट मार्केट और आसपास के क्षेत्रों की बिजली बंद रहेगी। निगम का कहना है कि त्योहार से पहले नेटवर्क को दुरुस्त करने के उद्देश्य से यह शटडाउन लिया जा रहा है, ताकि बाद में फॉल्ट या तकनीकी खराबी की संभावना कम रहे और उपभोक्ताओं को लगातार बिजली मिल सके। पानी, कारोबार और रोजमर्रा के काम पर असर पड़ेगा सुबह से दोपहर तक अलग-अलग इलाकों में बिजली बंद रहने का असर सबसे ज्यादा घरेलू और व्यावसायिक गतिविधियों पर दिखाई देगा। बिजली पर निर्भर दुकानों, दफ्तरों, इंटरनेट, कंप्यूटर और अन्य उपकरणों का काम भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहेगा। बाजारों और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी कारोबार करने वाले लोगों को अपने काम की योजना बिजली कटौती के अनुसार बनानी होगी।