चित्तौड़गढ़ से रेल के जरिए सफर करने वाले यात्रियों के लिए अक्टूबर महीने में परेशानी बढ़ सकती है। अजमेर मंडल के अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर दोहरीकरण काम के कारण इस रूट से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उदयपुर, अजमेर, जोधपुर और इंदौर सहित कई शहरों को जोड़ने वाली कुल 5 रेल सेवाएं अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। चित्तौड़गढ़ से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री इन ट्रेनों से सफर करते हैं, ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी और ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही स्टेशन पहुंचना होगा। झड़वासा-बान्दनवाड़ा और सिंगावल के बीच होगा दोहरीकरण का काम उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में अजमेर-चंदेरिया रेलखंड के झड़वासा-बान्दनवाड़ा और सिंगावल स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम किया जा रहा है। इस काम के लिए रेलवे की ओर से नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इसी वजह से इस रेलखंड से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोहरीकरण का काम पूरा होने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पहले से बेहतर होगी। ट्रेनों के संचालन में समय की बचत होगी और भविष्य में इस रूट पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि काम पूरा होने तक यात्रियों को कुछ समय के लिए असुविधा उठानी पड़ेगी। उदयपुर-मदार सहित कई ट्रेनों का संचालन रहेगा बंद रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 19606 उदयपुर सिटी-मदार रेल सेवा 8 अक्टूबर को रद्द रहेगी। यह ट्रेन उदयपुर से अजमेर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी सेवा है और चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के यात्रियों द्वारा भी इसका उपयोग किया जाता है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 17605 काचीगुड़ा-भगत की कोठी रेल सेवा 2 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 17606 भगत की कोठी-काचीगुड़ा रेल सेवा 4 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को संचालित नहीं होगी। इन ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन या अन्य साधनों की व्यवस्था करनी पड़ सकती है। जोधपुर-इंदौर ट्रेन भी तीन दिन नहीं चलेगी दोहरीकरण कार्य के कारण गाड़ी संख्या 14801 जोधपुर-इंदौर और गाड़ी संख्या 14802 इंदौर-जोधपुर रेल सेवा भी प्रभावित रहेगी। दोनों ट्रेनों का संचालन 9 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक रद्द रहेगा। यह ट्रेन राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई शहरों को जोड़ती है। चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों से इंदौर, मंदसौर और आगे के क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को इस दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। काम पूरा होने के बाद बढ़ेगी रेल लाइन की क्षमता रेलवे की ओर से अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर किया जा रहा दोहरीकरण काम लंबे समय तक यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। एकल रेल लाइन के कारण कई बार ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए रुकना पड़ता है, जिससे समय प्रभावित होता है। दोहरीकरण के बाद ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी और इस रूट पर यात्री तथा मालगाड़ियों के संचालन में सुधार आएगा। हालांकि अक्टूबर में कुछ दिनों तक ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी होगी।