चूरू के सुभाष चौक पर सोमवार देर शाम एक ऑटो ड्राइवर का पैर नाले पर लगी टूटी जाली में फंस गया। यह घटना तब हुई जब ऑटो ड्राइवर दुकान से सामान लेने जा रहा था। ऑटो ड्राइवर फारूक लोहार का पैर करीब एक घंटे तक जाली में फंसा रहा, जिससे वह दर्द से कराहता रहा। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से जाली को कटर से काटकर उनके पैर को बाहर निकाला गया। फारूक लोहार वार्ड 57 के निवासी हैं। इस घटना के बाद सुभाष चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे चारों तरफ ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। गनीमत रही कि ऑटो ड्राइवर का पैर फ्रैक्चर नहीं हुआ और वह सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस टूटी जाली के कारण प्रतिदिन तीन से चार बाइक सवार और पैदल राहगीर गिरकर चोटिल होते रहते हैं। लोगों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह जाली पिछले तीन महीनों से टूटी पड़ी है, लेकिन परिषद का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने बताया कि आज भी इस नाले में गिरने से तीन हादसे हुए, जिनमें एक बाइक सवार और एक महिला घायल हो गए। इस संबंध में 181 पोर्टल पर भी शिकायत की गई थी, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति ऐसी ही बनी रही तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।