चूरू नगर परिषद में सभापति पद के लिए बुधवार को भाजपा के विनय कुमार गोयनका और कांग्रेस के संजय भाटी ने नामांकन भरा। अब 21 सितंबर को चुनाव होगा। नगर परिषद में 60 में भाजपा को 30, कांग्रेस को 24 और निर्दलीयों ने 6 सीट पर जीत दर्ज की थी। भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार गोयल बुधवार दोपहर विधायक हरलाल सहारण और पांच प्रस्तावकों के साथ चूरू नगर परिषद पहुंचे थे। उन्होंने निर्वाचन रिटर्निंग ऑफिसर श्वेता कोचर और एसडीएम धीरज झाझड़िया के सामने अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी जोश दिखा। गोयनका के नामांकन में वार्ड 19 के पार्षद नरेंद्र सैनी, वार्ड 32 के पार्षद भंवर गुर्जर, वार्ड 43 के पार्षद अभिषेक चोटिया और वार्ड 12 के पार्षद हारून गुर्जर प्रस्तावक के तौर पर मौजूद थे। नामांकन से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं और बाजार के व्यापारियों ने नगर परिषद पहुंचकर विनय गोयनका का माला पहनाकर स्वागत किया। नामांकन के बाद विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि नगर परिषद के विकास को तेज करने और शहरवासियों की दिक्कतें सुलझाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के विकास, जरूरी सुविधाओं को बढ़ाने और आम लोगों की उम्मीदें पूरी करने के लिए सकारात्मक सोच के साथ काम किया जाएगा। सभापति पद के लिए नामांकन करने वाले विनय कुमार गोयनका ने कहा कि अगर उन्हें नगर परिषद का नेतृत्व करने का मौका मिलता है, तो वे शहर के विकास को सबसे पहले रखेंगे। उन्होंने बताया कि सड़क, सफाई, पीने का पानी, रोशनी जैसी नगर परिषद से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही, शहरवासियों की समस्याओं का समय पर समाधान करने की कोशिश की जाएगी। कांग्रेस ने संजय भाटी ने किया सभापति पद के लिए नामांकन कांग्रेस की ओर से चूरू नगर परिषद में सभापति पद के लिए संजय भाटी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करवाया। दोपहर करीब दो बजे कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ भाटी नगर परिषद पहुंचे। जहां उन्होंने निर्वाचन रिर्टनिंग अधिकारी श्वेता कोचर व एसडीएम धीरज झाझड़िया को अपना नामांकन पत्र दाखिल करवाया। है। इस दौरान संजय भाटी ने कहा 21 सितम्बर को चूरू नगर परिषद सभापति के परिणाम सबको चैंकाने वाला होगा। भाटी ने कहा कि रफीक मंडेलिया के नेतृत्व में नगर निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी ने एकजुटता के साथ लड़ा है। हमारा संघर्ष भाजपा सरकार से था और हम आशा करते हैं कि इसका परिणाम अब अच्छा होगा। इस मौके पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता जमील चैहान, मोहनलाल आर्य, पार्षद साजिद खान, पार्षद अजीज दिलावरखानी, विमल शर्मा, शेरखां मलखाण, अबरार खां, हेमन्त सिहाग, सुरेश कुमार शर्मा, विक्की खान, आरिफ रिसालदार, आबिद खां जाबासरिया, सुर्यप्रकाश वर्मा, सोयल खान डीके, तोफिक खान एनएसयुआई, विकास मील, मुष्ताक पीथिसर, सलीम गौरी व लाल मो. हकीमवाला आदि मौजूद थे। रतनगढ़ में भाजपा से 1 और कांग्रेस से 2 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन जिले की रतनगढ़ नगरपालिका में पालिका अध्यक्ष के पद के लिए 3 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। भाजपा से 1 और कांग्रेस से 2 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। भाजपा की ओर से वार्ड 33 के पार्षद सुनील कुमार शर्मा ने पालिकाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से वार्ड 36 से अजय कुमार बणसिया और वार्ड 13 से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संतोष बाबू इंदोरिया ने अपना-अपना पर्चा भरा है। राजलदेसर में 5 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 6 नामांकन राजलदेसर में नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार गोपाल मारू और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार लाभचंद सोनी सहित 5 प्रत्याशियों ने 6 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें जयचंद महावर ने निर्दलीय, जब्बार खोखर ने कांग्रेस व निर्दलीय के रूप में दो पर्चे और पवन बोथरा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। पालिका के कुल 35 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने 14-14 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 5 निर्दलीय और 2 आरएलपी के पार्षद निर्वाचित होकर आए हैं। रतननगर में निर्दलीय व कांग्रेस प्रत्याशी ने भरा नामांकन रतननगर नगरपालिका के पालिकाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस और एक निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन भरा। इसमें वार्ड 17 से कांग्रेस से निर्वाचित प्रत्याशी चंदा देवी ने दो आवेदन किए हैं। जिनमें एक निर्दलीय और दूसरा कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में किया है। वहीं, दूसरी ओर वार्ड 16 से भाजपा पार्षद इंदू ने अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है। हालांकि इंदू भाजपा पार्टी से निर्वाचित हुई लेकिन अध्यक्ष पद हेतु निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है।