चूरू की कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को अवैध मादक पदार्थ एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से पांच ग्राम एमडी बरामद की है। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया गया। कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए गश्त पर निकले थे। इसी दौरान तारानगर रोड पर पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी शुरू की गई। वहां एक बाइक सवार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान चूरू निवासी गिरधारी लाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने पास एमडी होने की बात कबूली। तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक पारदर्शी थैली में सफेद पाउडर जैसा पदार्थ मिला। पुलिस और मौके पर मौजूद गवाहों ने अनुभव के आधार पर इसे एमडी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जांच सदर थानाधिकारी इंद्रलाल को सौंपी गई है।