चूरू रेलवे स्टेशन पर रविवार को 'स्वच्छता ही सेवा' विषय पर एक चित्रकला प्रतियोगिता हुई। यह प्रतियोगिता उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के निर्देश पर स्वच्छता पखवाड़े के तहत आयोजित की गई थी। बच्चों ने चार्ट पेपर पर स्वच्छ भारत और स्वच्छ रेलवे स्टेशन की आकर्षक तस्वीरें बनाईं। उन्होंने अपने चित्रों के जरिए सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने, कचरा डस्टबिन में डालने और रेलवे परिसर को साफ रखने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में स्टेशन सुविधा प्रबंधक राकेश भाकर ने बच्चों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनमें बचपन से ही स्वच्छता की आदत डालना जरूरी है। भाकर ने बच्चों से अपने घर, स्कूल और आसपास के इलाके को साफ रखने के साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कृष्ण कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी लोगों का आभार जताया।