चूरू जिले के रतनगढ़ में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह 12वीं गिरफ्तारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के बहल थानांतर्गत गांव सोरड़ा निवासी बिंदू उर्फ मिंटू पुत्र कर्णसिंह जाट के रूप में हुई है। वह एक अंतर्राज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। 14 मई के रतनगढ़ में हुई थी वारदात यह वारदात 14 मई को रतनगढ़ में हुई थी। शहर के वार्ड 21 स्थित रेलवे गुम चक्कर के पास रहने वाले 48 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर सुनील प्रजापत ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह वह अपने घर की ऊपरी मंजिल के पॉर्च में टहल रहे थे। इसी दौरान, घर के सामने सड़क पर 2 नकाबपोश व्यक्ति आए। उनमें से एक ने हथियार तानकर धमकी दी कि वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा का काम नहीं करने और उनके माता-पिता को एक करोड़ रुपए नहीं भेजने पर उन्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा। धमकी देने के बाद अंधाधुंध फायरिंग की गई। मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस इस प्रकरण में लगातार कार्रवाई कर रही है। क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी, हरियाणा पुलिस और चूरू पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिंदू उर्फ मिंटू को गिरफ्तार किया है।