चूरू के सरसा गांव के पास एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहे मजदूरों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवती सहित चार मजदूर घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में चूरू के डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमरपुरा फजिलका, पंजाब निवासी बेंत सिंह (21) ने बताया कि वे सरसा गांव के पास कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी कर रहे थे। गुरुवार सुबह बेंत सिंह, रेणु (18), सुखदेव (30) और सरसा के राणिया निवासी अजय (20) सहित अन्य मजदूर साइट पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में करीब दस मजदूर घायल हो गए, जिनमें बेंत सिंह, रेणु, सुखदेव और अजय की हालत गंभीर हो गई। साथी मजदूरों ने घायलों को बहल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चारों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में एक युवक और युवती की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।