चूरू में रविवार शाम अचानक मौसम बदल गया। शाम करीब सात बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो बाद में तेज बारिश में बदल गई। बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक डिप्रेशन कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर के रूप में उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर मौजूद है। इसके साथ ही, एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर पश्चिमी भारत के इलाकों पर सक्रिय है। इनके असर से बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में 27 व 28 सितंबर को कुछ जगहों पर गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 29 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जगहों पर अगले 5-6 दिन मौसम ज्यादातर सूखा रहेगा। इस बारिश से मौसम में बदलाव शुरू होगा और रात के तापमान में भी कमी आएगी।