भास्कर न्यूज | राजसमंद दीपावली और नवरात्रि के मद्देनजर शहर की सफाई और सजावट व्यवस्था को लेकर नगर परिषद ने तैयारी शुरू कर दी है। सभापति अनीता पालीवाल ने शुक्रवार शाम सभापति कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर प्रमुख चौराहों पर पुख्ता सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जमादारों को क्षेत्रवार निगरानी की जिम्मेदारी सौंपते हुए स्वच्छता का शत-प्रतिशत पालन कराने को कहा। पालीवाल ने सभी प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालय भवनों पर रंग-रोगन कराने तथा दीपावली से पहले नगर परिषद परिसर, बाजारों और प्रमुख स्थानों पर रोशनी व लाइटिंग डेकोरेशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में आयुक्त विजेश मंत्री, एईएन नंदलाल सुथार सहित जेईएन और कर्मचारी मौजूद रहे।