मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बाड़मेर के बाछड़ाऊ पहुंचे। बाछड़ाऊ में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान की हालत टूटे-फूटे मकान जैसी कर दी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग किसी के नहीं हैं और सभी स्वार्थी हैं। इसके साथ ही, बाड़मेर जैसलमेर में अकाल राहत को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की बड़ी घोषणा की। बाड़मेर और जैसलमेर क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई को 31 दिसंबर तक बढ़ाने की घोषणा की है। साथ ही दोनों जिलों के कलेक्टरों को अकाल राहत लिए 1 करोड़ की स्वीकृति जारी करने की अनुमति दी। पशुओं के लिए चारा डिपो खोले जाएंगे। बोले- राजस्थान बिजली लेने वाला नहीं, देने वाला राज्य बना मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत वीरों की भूमि को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर गांव में पक्की सड़क बने। राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय युवा परेशान थे और लगातार पेपर लीक होते थे। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि अब पेपर लीक होता है क्या? इस पर लोगों ने ‘नहीं’ में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जन-जन के लिए काम कर रही है और ग्राम विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। गांवों में अटल ज्ञान केंद्र खुलेंगे सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऐसी कोई पंचायत नहीं होगी, जहां खेल मैदान नहीं होगा। राजस्थान के गांवों में अटल ज्ञान केंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और सुविधाओं को मजबूत करना है। 2824 करोड़ के 1013 कामों का शिलान्यास किया जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और पुलिस अधीक्षक चुनाराम ने भी स्वागत किया। वहीं विश्व विख्यात पारम्परिक गैर नृत्य से सीएम का जोरदार स्वागत किया गया। सीएम का पंचायती राज चुनाव से पहले दौरा अहम माना जा रहा है। CM भजनलाल शर्मा ने 2824 करोड़ के 1013 कामों का शिलान्यास और लोकार्पण किए। वहीं, मुख्यमंत्री जोधपुर संभाग के 8 जिलों को करीब 2700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। देखें तस्वीरें…