सीकर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- आज मंच पर जो लोग बैठे हैं। वे कभी आपकी तरह आपकी सीट पर बैठे थे, लेकिन आज मंच तक आ गए। जब हम पार्टी में काम करते हैं तो हमारी कुछ स्पष्टता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को सीकर दौरे पर रहे। सीएम भजनलाल ने पहले विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन किए। करीब 25 मिनट तक खाटूश्यामजी रुकने के बाद सीएम भजनलाल शर्मा फतेहपुर पहुंचे। सीएम भजनलाल ने फतेहपुर के चमड़िया कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए यह कहा। सीएम भजनलाल शर्मा ने फतेहपुर में शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों के 1277.07 करोड़ के 83 कामों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सीएम भजनलाल के फतेहपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जयपुर से हेलिकॉप्टर से आए खाटूश्यामजी मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर के जरिए जयपुर एयरपोर्ट से रवाना हुए। जो सबसे पहले खाटूश्यामजी के जालूंड में बने हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वे खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन किए। श्रीश्याम मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान और वर्तमान महामंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने दुपट्‌टा ओढ़ाया और प्रतीक चिन्ह भेंट किया। सीएम बोले- आपकी पहचान बनी, इसलिए आपको बुलाया सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- जब आप इस पार्टी में पहले दिन काम करने के लिए आए थे। आपने कोई शर्त रखी थी क्या? चाहे आप किसी भी मोर्चा या परिषद से आए हों। कोई भी आदमी पार्टी जॉइन करने से पहले अपनी शर्त नहीं लाता है। पार्टी के लोगों के लिए राष्ट्र प्रथम है। मुख्यमंत्री ने कहा- आज आपको यहां बुलाया गया है। आज चारों जिले से आने वाले लोगों की सूची बनी है। आपकी पहचान बनी, इसलिए आपको यहां बुलाया गया है। हमारा तो कभी ऐसी मीटिंग में नंबर ही नहीं आया। हमने तो बूथ एजेंट के बाद राजनीति युवा मोर्चा से शुरुआत की थी। हमें जो दायित्व मिला है, वह पार्टी ने दिया है। उनकी वजह से ही सम्मान मिल रहा है।