‘हर चैम्पियन का सफर मैदान पर एक कदम रखने से शुरू होता है। आज, आपको भी अपना पहला कदम उठाना चाहिए।’ इसी संदेश के साथ शुक्रवार को खेलो राजस्थान की लॉन्चिंग होगी। 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर ‘सपनों की उड़ान- सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद जयपुर में इसकी लॉन्चिंग करेंगे। राजस्थान में खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को तलाशने के लिए राज्य सरकार का महत्वाकांक्षी ‘खेलो राजस्थान’ अभियान शुक्रवार को शुरू होगा। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक चरणबद्ध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें प्रदेश के 70 लाख लोग हिस्सा लेंगे। दिसंबर में आयोजन; खिलाड़ियों को आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी राजस्थान राज्य स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव राजकेश मीणा ने बताया, ‘खेलो राजस्थान का आयोजन दिसंबर के पहले सप्ताह से किया जाएगा। लॉन्चिंग के साथ ही खिलाड़ियों का पंजीकरण आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से शुरू हो जाएगा। प्रतियोगिताओं में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाएं होंगी। 50 गोल्ड, 50 सिल्वर और 50 ब्रॉन्ज मेडल दाव पर होंगे। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और पदक दिए जाएंगे। राज्य खेल संघ से तकनीकी सहयोग लिया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को विशेषज्ञों की देखरेख में आगे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।’ खेलो राजस्थान अभियान में शामिल हैं 12 खेल अभियान में 12 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी, तीरंदाजी, कबड्डी, फुटबॉल, जूडो, निशानेबाजी, खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और सतोलिया शामिल हैं। मकसद गांव के खिलाड़ियों को सीधे बड़े मंच से जोड़ना और प्रदेश में खेलों का ऐसा माहौल बनाना है, जिसमें हर उम्र और वर्ग की भागीदारी हो। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले ‘खेलो राजस्थान’ का पूरा ढांचा पंचायत से शुरू होकर ब्लॉक, शहरी स्थानीय निकाय, जिला और राज्य स्तर तक जाएगा। प्रदेश की 11,341 ग्राम पंचायतों, 379 ब्लॉकों और 628 शहरी स्थानीय निकायों में मुकाबले होंगे। जिला स्तर पर एक लाख से अधिक और राज्य स्तर पर करीब 9,100 खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य है। खेलों में कभी हार नहीं होती। केवल जीत या सीख होती है। खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम है। -नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री खेलो राजस्थान से प्रदेश के हर बच्चे और युवा को खेलों से जोड़ने तथा अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया जाएगा। यह अभियान इसी संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। -भजनलाल शर्मा, सीएम इस अभियान के जरिए राजस्थान के युवाओं को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं से जोड़ने तथा हर क्षेत्र की प्रतिभा को अवसर देने पर जोर दिया है। -राज्यवर्धन सिंह राठौड़, खेलमंत्री, राजस्थान