झुंझुनूं नगर परिषद में सभापति चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस की वार्ड 7 की पार्षद सुमन खान को तहसीलदार झुंझुनूं की ओर से अतिक्रमण के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। नोटिस 18 सितंबर को जारी किया गया जिसमें 21 सितंबर को अपना पक्ष एवं संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। संयोग से 21 सितंबर को ही नगर परिषद सभापति पद के लिए मतदान होना है। नोटिस में कस्बा झुंझुनूं की खसरा नंबर 2777 स्थित वक्फ संपत्ति पर सुमन खान एवं अन्य लोगों द्वारा कथित अनधिकृत अतिक्रमण किए जाने की शिकायत का उल्लेख है। शिकायत जिला वक्फ कमेटी, झुंझुनूं की ओर से 17 सितंबर को दिए गए प्रार्थना-पत्र के आधार पर बताई गई है। जवाब नहीं देने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी: नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में संबंधित व्यक्ति उपस्थित नहीं होता या जवाब प्रस्तुत नहीं करता तो उपलब्ध राजस्व अभिलेखों और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।