नगर परिषद चुनाव के मुहाने पर खड़े बाड़मेर शहर में आचार संहिता के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मतदाताओं को अपने पक्ष में लुभाने और रिझाने के लिए नगर परिषद क्षेत्र में रातों-रात सड़कों के डामरीकरण का निर्माण कार्य जोर-शोर से चलाया जा रहा है। शहर के वार्ड संख्या 12, 13 और 14 में देर रात तक डामर की सड़कें बनाने का काम तेजी से चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से जो सड़कें बदहाल पड़ी थीं, उनका काम चुनाव के ठीक पहले और आचार संहिता लागू होने के बावजूद आनन-फानन में शुरू किया गया है। चुनाव आयोग के सख्त निर्देशों के बाद भी चुनावी समर में मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से कराए जा रहे इस डामरीकरण कार्य ने स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष और सजग नागरिकों ने इस मामले को आचार संहिता का सीधा उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग व संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है आचारसंहिता पर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल?