पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने उदयपुर देहात संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष ने खरसाण निवासी भगवती लाल मेनारिया को देहात जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। चुनावी माहौल के बीच पार्टी संगठन में हुई यह नियुक्ति पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। भगवती लाल मेनारिया का ग्रामीण राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। वे वर्ष 2015 से 2020 तक खरसाण ग्राम पंचायत के सरपंच रह चुके हैं। इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने सरपंच संघ के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दी थीं। इसके अलावा वे मेनारिया ब्राह्मण समाज के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। देहात में जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी के सलूंबर में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनने के बाद से यह पद खाली चल रहा था। ऐसे में जोशी की जगह मेनारिया की नियुक्ति दी गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने ग्रामीण क्षेत्र में भगवती लाल मेनारिया की लगातार सक्रियता और सामाजिक जुड़ाव को देखते हुए भाजपा में जिला कार्यकारिणी में यह बड़ा पद दिया है। पंचायत चुनाव के ठीक बीच में पूर्व सरपंच को जिला उपाध्यक्ष बनाने को पार्टी की चुनावी रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सूचना के बाद खरसाण सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी है। वहीं मेनारिया ने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश और जिला नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने की बात कही है।