नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 14 सितम्बर सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर काना राम ने शनिवार को नगर परिषद सवाई माधोपुर के मतगणना केन्द्र महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतगणना से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारी मांगीलाल एवं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन गोविन्द सहाय मीणा को मतगणना केन्द्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्धारित मतगणना केन्द्र एवं टेबल नगर परिषद सवाई माधोपुर : महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर, कमरा नंबर 14 में वार्ड 1 से 60, कुल 14 टेबल। नगर पालिका खण्डार : राजकीय महाविद्यालय खण्डार हॉल नंबर 1 में वार्ड 1 से 25, कुल 5 टेबल। नगर पालिका बौंली : राजकीय महाविद्यालय बौंली कमरा नंबर 2 में वार्ड 1 से 25, कुल 5 टेबल। नगर परिषद गंगापुर सिटी : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी में वार्ड 1 से 30 के लिए न्यू हॉल नंबर 1 में 7 टेबल और वार्ड 31 से 60 के लिए कमरा नंबर 31 में 7 टेबल। नगर पालिका वजीरपुर : राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर कमरा नंबर 3 में वार्ड 1 से 25, कुल 5 टेबल। नगर पालिका बामनवास : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बामनवास कमरा नंबर 2 में वार्ड 1 से 20, कुल 5 टेबल। वार्डवार होगी मतगणना, पहले गिने जाएंगे डाक मतपत्र: सभी नगरीय निकायों में एक वार्ड के लिए एक मतगणना टेबल निर्धारित की गई है। जिस वार्ड में एक से अधिक मतदान केन्द्र हैं, वहां सभी मतदान केन्द्रों के मतों की गणना उसी टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी संबंधित वार्ड के लिए एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गणना से होगी। इसके लिए पृथक टेबल निर्धारित नहीं की जाएगी, बल्कि संबंधित आरओ की टेबल पर ही गणना होगी।