अजमेर में सीआरपीएफ जवान के साथ मारपीट कर लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जवान को मदद के बहाने जनाना अस्पताल बुलाकर बदमाश कार में बैठाकर ले गए थे। कार में सवार तीन-चार लोगों ने जवान को करीब 2 घंटे तक शहर में घुमाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके बैंक खाते से करीब 89 हजार रुपए अपने अकाउंट्स में ट्रांसफर करवा लिए। मामले में कृष्णगंज थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल पर मैसेज भेजकर बुलाया पीड़ित ने रविवार को मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह घर पर था। इस दौरान उसके मोबाइल पर मदद के लिए एक मैसेज आया। मैसेज में मदद की जरूरत बताते हुए उसको जनाना अस्पताल बुलाया। अस्पताल पहुंचने पर उसे एक सफेद रंग की कार में एक युवक मिला। पीड़ित ने बताया कि युवक ने मरीज होने की बात कहकर उसे कार में बैठा लिया। उसके कार में बैठते ही 3 अन्य युवक भी सवार हो गए। इसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसका वीडियो बना लिया। आरोपियों ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी और उसके खाते से अलग-अलग अकाउंट्स में करीब 89 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। वीआईपी नंबर गाड़ी में ले गए थे पीड़ित के अनुसार, जिस सफेद रंग की कार में उसे ले जाया गया, उसके नंबर के अंतिम अंक वीआईपी थे। करीब 2 घंटे बाद आरोपी उसको वापस उसकी बाइक के पास छोड़ गए। जाते समय आरोपियों ने उसके मोबाइल से सिम निकाल ली और फोन उसको वापस दे दिया। घर पहुंचकर पीड़ित ने परिजन को घटना की जानकारी दी व अगले दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। कृष्णगंज थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। --- ये खबर भी पढ़ें सीकर में छुट्टी पर आए सेना के जवान का किडनैप:कोचिंग से बाइक पर घर लौट रहा था, पत्नी को कॉल कर 10 लाख रुपए फिरौती मांगी सीकर जिले के खंडेला में सोमवार रात सेना के जवान का किडनैप हो गया। जवान श्रीराम सिहाग (32) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए छुट्टी पर घर आया हुआ था। घटना रात करीब 8 बजे केरपुरा बस स्टैंड की है। कोचिंग से घर लौटते समय 5-6 बदमाश उसे गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। इसके बाद श्रीराम के फोन से उसकी पत्नी को कॉल कर 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी। (पूरी खबर पढ़ें)